टीकमगढ़। 13 जनवरी 2025/पूर्व सैनिकों को उनके निस्वार्थ कर्तव्य और बलिदान के लिए सम्मान देने और इन बहादुरों के परिजनों के प्रति एकजुटता को सुदृढ़ बनाने के लिए पूरे भारत में विभिन्न स्थानों पर 14 जनवरी, 2025 को 9वां सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर हमारे जिले के भूतपूर्व सैनिक आन. ले. अनीश मोहम्मद के योगदान को याद किया गया।
आन. लेफ्टिनेंट अनीश मोहम्मद (सेवानिवृत्त), मंडी रोड, ढ़ोगा, टीकमगढ़ के निवासी, जिन्होंने भारतीय नौसेना में 32 वर्षों तक सेवा दी और 1971 के भारत-पाक युद्ध में हिस्सा लिया, अपने साहस और राष्ट्रप्रेम के लिए पूरे देश में प्रशंसा का पात्र बने हैं।
1971 के युद्ध के दौरान लेफ्टिनेंट अनीश मोहम्मद आईएनएस विक्रांत पर तैनात थे, जिसने दुश्मन के कई युद्धपोतों को नष्ट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। उनकी इस वीरता और अद्वितीय सेवा के लिए नौसेना के पूर्वी कमान के प्रमुख ने उन्हें सराहना पत्र देकर सम्मानित किया था।
सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका देशप्रेम कायम रहा। उन्होंने अपनी एक करोड़ रुपये से अधिक की व्यक्तिगत संपत्ति ज़िला सैनिक कल्याण कार्यालय, टीकमगढ़ (म.प्र.) को दान कर दी। उनके इस योगदान को देखते हुए भारतीय नौसेना प्रमुख और मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री ने उन्हें 20 अक्टूबर 2024 को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय भूतपूर्व सैनिक रैली में सम्मानित किया गया। इससे पूर्व में माननीय कलेक्टर महोदय द्वारा इनके सराहनीय कार्य के लिए 15 अगस्त 2024 को भी सम्मानित किया गया।इस अवसर पर नौसेना प्रमुख ने लेफ्टिनेंट अनीश मोहम्मद की सेवा, त्याग और समाज के प्रति योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे वीर योद्धाओं की कहानियां युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करती हैं। लेफ्टिनेंट अनीश मोहम्मद की इस पहल ने भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए एक नई दिशा प्रदान की है। उनका योगदान न केवल सैनिक समुदाय बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

