छतरपुर। मंगलवार को जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में फुटपाथ पर सब्जी बेचने वाले दर्जनों विक्रेताओं ने एकत्र होकर अपनी समस्या को लेकर शिकायती आवेदन सौंपा। विक्रेताओं का कहना है कि शुक्रवारी बाजार को पुलिस लाइन क्षेत्र से हटाकर नई जगह शिफ्ट किए जाने से उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो गया है। नई जगह पर ग्राहक बहुत कम पहुंच रहे हैं, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर गहरा संकट खड़ा हो गया है।विक्रेताओं ने कलेक्टर को संबोधित आवेदन में मुख्य मांग रखी कि बाजार को पूर्व की तरह पुलिस लाइन क्षेत्र में ही व्यवस्थित रूप से लगवाया जाए। उन्होंने वैकल्पिक प्रस्ताव दिया कि यदि स्थान बदलना आवश्यक है तो बाजार उत्सव धाम के आगे लगाया जाए। साथ ही सभी दुकानदारों को सख्ती से फुटपाथ पर ही दुकान लगाने के निर्देश दिए जाएं। यदि कोई दुकानदार सड़क पर दुकान लगाता है तो उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाए, ताकि आवागमन बाधित न हो और यातायात सुचारु रहे।विक्रेताओं ने नगर पालिका से बाजार स्थल पर उचित प्रकाश व्यवस्था कराने की भी मांग की है। उनका कहना है कि यदि व्यवस्था ठीक हो तो व्यापार फिर से पटरी पर आ सकता है और परिवार का पालन-पोषण संभव हो पाएगा। कलेक्टर ने आवेदन प्राप्त कर संबंधित विभागों को जांच एवं उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विक्रेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र अमल नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे।
पाए सभी खबरें अब WhatsApp पर
Click Now

