0 एनएसएस इकाई के तत्वावधान में आयोजित की गई प्रतियोगिता
शुभ न्यूज महोबा । वीरभूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वाधान में विकसित भारत युवा संसद 2026 के तहत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगता का विषय आपातकाल के 50 वर्ष भारतीय लोकतंत्र के लिए एक सीख रहा। प्रतियोगिता में जिले तमाम महाविद्यालय के छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग करते हुए अपने भाषण से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में अंजली सक्सेना ने प्रथम हासिल किया साथ ही प्रदेश स्तरीय युवा संवाद प्रतियोगिता के लिए भी चयन किया गया। इस मौके पर अतिथियों को पौधे भेंट किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका सभासद एवं जिला योजना समिति सदस्य साधना गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है आजादी के समय से ही इसमें अनेक उतार चढ़ाव आए, लेकिन भारतीय लोकतंत्र में अपनी यात्रा को सतत जारी रखा। वैश्विक परिदृश्य में आज भारत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है यह नया भारत है इसमें विश्व के सर्वाधिक युवा जनसंख्या है। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी विशाल सिंह ने प्रतियोगिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं में छात्र छात्राओं को बढ़चढ़ के हिस्सा लेना चाहिए ।
भाषण प्रतियोगिता में जिले के तमाम महाविद्यालयों से आए छात्र छात्राओं ने दिए गए विषय पर भाषण प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में अंजनी सक्सेना ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि दीपेश खरे, उमा दत्त, दीक्षा पाठक व आशुतोष सिंह को संयुक्त रुप से दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। विजयी प्रतिभागियों ने प्रदेश स्तरीय युवा संसद के लिए अपना स्थान बनाया है। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार पांडे, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. डीके खरे, डॉ. शक्ति सक्सेना, डॉ. रामबिहारी पांडे रहे। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. प्रदीप कुमार ने आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपातकाल भारतीय इतिहास में एक काला अध्याय है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के चारों इकाइयों के स्वयंसेवी छात्र छात्राएं के अलावा कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।



