0 प्रधानाचार्य ने छात्रों को निडर होकर गलतियों से सीखने पर दिया जोर
शुभ न्यूज महोबा । नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 का बुधवार से हो गया। शिक्षण सत्र के पहले दिन जिले के प्राथमिक, जूनियर के अलावा निजी विद्यालयों में बच्चे मुस्कराते हुए पहुंचे और नयी कक्षा में प्रवेश करते हुए अपने सहपाठियों से मिकर अपनी खुशी जाहिर की। शिक्षकों ने भी अपने विचारों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं विद्यालय में नामांकन के लिए संपर्क अभियान का श्रीगणेश हो गया। अब घर घर शिक्षक पहुंचकर अपने अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने का कार्य भी कर रहे हैं। पहले दिन अनेकों विद्यालयों में नामांकन का कार्य किया गया तो कुछ विद्यालयों में शिक्षकों ने परीक्षाफल वितरित किए।
पहली अप्रैल को विद्यालय में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। छोटे छोटे बच्चे अपने माता पिता और अभिभावकों के साथ तो कुछ स्कूल वाहन व निजी वाहनों से स्कूल पहुंचे। विद्यालयों में पूरा स्टाफ भी समयानुसार पहुंचे और कार्य में जुट गए। शासकीय और सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में प्रवेश लेने वाले नए छात्र छात्राओं का तिलक और फूलों के साथ स्वागत किया गया। स्कूल के पहली परीक्षा के बाद कुछ दिन की छुट्टी होने से सुबह देर तक सोना, न टिफिन पैक करने का टेंशन और न बैग पैक करने का। न होमवर्क की झनझट की समस्या से दूर रहने के बाद एक बार फिर माताओं को अपने बच्चों को स्कूल पहुंचने की फिक्र होने लगी है।
नए सत्र के प्रथम दिन संजरी इंटर नेशनल स्कूल में बच्चों को जागरूक किया गया, जहां पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण श्रीवास्तव ने छात्र छात्राओं से कहा कि शिक्षा का मुख्य उद्देश्य केवल साक्षरता या रोजगार नहीं, बल्कि आत्म साक्षात्कार, चरित्र निर्माण और व्यक्ति का सर्वांगीण विकास है। कहा कि जब बच्चा छात्र के रुप में शिक्षा की नई राह पर कदम रखते हैं, तो उनके लिए कुछ डर या संकोच का अनुभव करना सामान्य है। नया वातावरण कुछ को डराने वाला लग सकता है, जबकि दूसरों को उत्साहित कर सकता है। उन्होंने नई शुरुआत, अनुशासन, और आत्मविश्वास के महत्व पर जोर देते हुए छात्रों को प्रेरित किया। साथ ही छात्रों को निडर होकर गलतियों से सीखने और अपने लक्ष्यों के प्रति केंद्रित रहने और एक दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना का संदेश दिया।
इंसेट
उच्च प्राथमिक विद्यालय पसवारा में वितरित किए गए अंकपत्र
उच्च प्राथमिक विद्यालय पसवारा में परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । प्रधानाध्यापक जागेश्वर गौतम ने कक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राइमरी स्तर पर कक्षा 5 में हिमांशु ने पहला, कोमल ने दूसरा और हिमांशु ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में कक्षा 8 की रचना ने प्रथम सचिन ने द्वितीय तथा गिरजा को तृतीय स्थान मिला। बच्चों को संबोधित करते हुए योगेंद्र अनुरागी ने कहा कठिन परिश्रम से हर मंजिल को प्राप्त किया जा सकता है और मन में किसी कार्य करने की चाह हो तो कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। परीक्षाफल वितरण समारोह में उमा सचान के अलावा विद्यालय परिवार के समस्त अध्यापक उपस्थित रहे।

