छतरपुर। भाजपा चंदला विधायक दिलीप अहिरवार को राज्यमंत्री बनाए जाने से जिले में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। श्री अहिरवार भोपाल से जैसे ही छतरपुर आए वैसे ही उनका जिले की सीमा में अभूतपूर्व स्वागत किया। कदम-कदम पर लोग श्री अहिरवार का स्वागत करने के लिए आतुर दिखाई दिए। कहीं फूलमालाओं से स्वागत तो कहीं तुलादान किया गया। राज्यमंत्री श्री अहिरवार ने प्रदेश और केन्द्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए जिले के सभी विधायकों के साथ मिलकर जिले के विकास की बात कही है।
राज्यमंत्री बनने के बाद दिलीप अहिरवार का जिले की सीमा में जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ता श्री अहिरवार को हाथोंहाथ ले रहे थे। जिले की सीमा के बाद बड़ामलहरा, बंधा तिगड्डा, अनगौर, गुलगंज, मातगुवां, चौका, ललौनी के बाद जिला मुख्यालय के दर्जनों स्थानों में भव्य स्वागत किया गया। इतना ही नहीं बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू, राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, छतरपुर विधायक ललिता यादव ने भी स्वागत किया। जिलाध्यक्ष मलखान सिंह एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शशिकांत अग्रिहोत्री ने भी राज्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

