विनोद कुमार जैन
बक्सवाहा/ बक्सवाहा थाना क्षेत्र के बम्हौरी ग्राम पंचायत में तेज बारिश के चलते गंभीर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बम्होरी से शाहगढ रोड पर स्थित डॉक्टर खरे की पुलिया के पास भारी बारिश के कारण जल भराव हो गया, जिससे लगभग एक दर्जन घर पूरी तरह से पानी से लबरेज हो गए हैं। वर्तमान में जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़कें और गलियां जलमग्न हो गई हैं, और स्थानीय निवासी इस स्थिति से जूझ रहे हैं। बाढ़ के बीच में फंसे लोगों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने तत्परता दिखाई है। मौके पर पहुंची पुलिस, प्रशासन, और एसडीआरएफ (आपदा प्रबंधन बल) की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।एसडीआरएफ की टीम ने बाढ़ में फंसे लगभग 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। थाना प्रभारी बक्सवाहा, कृपाल सिंह मार्को, और तहसीलदार भारत पांडे के साथ पुलिस बल भी मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और लोगों को राहत पहुंचाने के प्रयास कर रहे हैं।स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण का कार्य भी शुरू कर दिया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने का निर्देश दिया है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने और आपातकालीन निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

