0 मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में दी तहरीर
शुभ न्यूज महोबा। अजनर मार्ग में सड़क हादसे में दो भाईयों की मौत हो जाने पर घर में रोना पीटना मचा हुआ है। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस हर पहलू पर मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है। दो लोगों की मौत से गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शवों का पंचनामा करके जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
थाना अजनर के ग्राम टिकरिया निवासी महेश के यहां जनपद हमीरपुर के ग्राम धगवां निवासी रुपेश (20) पुत्र अशोक अपने मौसा के यहां आया हुआ था। मंगलवार की देर शाम को रुपेश अपने मौसेरे भाई अरुण के साथ शौचक्रिया के लिए गया था। शौचक्रिया के बाद बाइक से वापस लौटते समय मंगलवार को दोनो भाईयों के शव खून से लथपथ हालत में एक खेत पर पड़े मिले। काफी देर तक दोनो भाईयों के घर न लौटने पर परिजन उनकी तलाश में निकले और गांव के बाहर इधर उधर तलाश करने लगे तभी अजनर टिकरिया मोड़ के पास एक खेत में दोनो के शव पड़े मिले। इसकी खबर फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस की मदद से परिजन दोनो को जिंदा समझकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलाताल ले गए जहां पर डाक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया।
मृतक अरूण के पिता महेश ने संदिग्ध अवस्था मे हुई दोनो भाईयों की मौत पर हत्या की आशंका जताते हुए अजनर थाने में तहरी दे दी है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस घटना की जांच पड़तला करने में जुट गई है। उधर पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ हर्षिता गंगवार ने बताया कि डायल 112 पुलिस को सूचना मिली थी बाइक सवार दो युवक पेड़ से टकरा जाने के कारण घायल हो गए है जिन्हें पुलिस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलाताल में भर्ती कराया गया जहां पर डाक्टरों ने दोनो को मृत घोषित कर दिया है। उनका कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही। पुलिस ने शव का पंचनामा कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

