सगे बेटे पर लाखों की चोरी का आरोप
February 05, 2026
छतरपुर। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक परिवार के अंदरूनी विवाद का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपने सगे बेटे पर घर में चोरी करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि बेटे और उसके दोस्तों ने अलमारी तोड़कर नकद राशि व सोने के आभूषण चुरा लिए और फरार हो गए। पुलिस द्वारा एफआईआर न दर्ज करने से व्यथित होकर मां को एसपी कार्यालय तक पहुंचना पड़ा।पीडि़त मां राजकुमारी पत्नी राकेश पटेल, निवासी वार्ड नंबर 18, पंचवटी के सामने पन्ना रोड, थाना सिविल लाइन ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि 3 फरवरी 2026 की शाम करीब 5:30 बजे वह सब्जी लेने बाजार गई थीं। उस समय घर में उनका पुत्र कृष्णा पटेल और उसके दो दोस्त मौजूद थे। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि गोदरेज अलमारी पीछे से टूटी हुई थी, मुख्य फाटक खुला था और घर से 40 हजार रुपये नकद, सोने की मंगलसूत्र तथा सोने की झुमकी गायब थीं। साथ ही बेटा कृष्णा और उसके दोनों साथी भी मौके से फरार हो चुके थे। पीडि़ता ने तुरंत सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने न तो कोई एफआईआर दर्ज की और न ही जांच में कोई प्रगति दिखाई। थाने के चक्कर काट-काटकर थक चुकी महिला ने आखिरकार गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
Tags

