टीकमगढ़। शालेय राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश टीम का नेतृत्व टीकमगढ़ के ऋषि साहू एवं सागर की हिमांशी गुरु को सौंपा गया है। प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग का प्री-नेशनल कोचिंग कैंप दिनांक 23 जनवरी से 27 जनवरी 2026 तक टीकमगढ़ में आयोजित किया गया।
कोचिंग कैंप के दौरान खिलाड़ियों को खेल कौशल में निखार लाने के साथ-साथ विपरीत परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण सॉफ्टबॉल कोच पी. प्रसन्ना कुमार, साईं कोच देवेश चंदेल, रितुल जैन, रजनी नानोटकर एवं जैनब खान के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
जनरल मैनेजर बृजेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश टीम नेशनल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन को लेकर पूरी तरह तैयार है और टीम 28 जनवरी 2026 को नागपुर के लिए रवाना होगी। शालेय राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का आयोजन नागपुर, महाराष्ट्र में 30 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।
इस अवसर पर कलेक्टर टीकमगढ़ एवं जिला शिक्षा अधिकारी टीकमगढ़ ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

