शुभ न्यूज महाबा। पुलिस लाइन रोड स्थित काशीराम कॉलोनी के कंपोजिट विद्यालय में शुक्रवार को स्कूल चलो अभियान के तहत वार्षिकोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में मंडल से लेकर राज्य स्तर तक खेल और शिक्षा में नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र छात्राओं को इरफान पठान, अमित श्रोतीय व अन्य अतिथियों ने मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर नन्हे मुन्ने बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों और नाटकों के जरिए सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक भी किया।
पुलिस लाइन रोड स्थित मल्टी स्टोरी कंपोजिट विद्यालय में प्रवेश उत्सव और वार्षिकोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यक मोहम्मद इरफान ने मुख्य अतिथियों का बैच अलंकृत कर किया। बच्चों ने अपनी कला का ऐसा जादू बिखेरा कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों ने एक ओर जहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए, वहीं दूसरी ओर समाज को संदेश देते हुए शिक्षा की महत्ता और बड़ों के सम्मान पर आधारित नाटक प्रस्तुत किए, जिसमें सोशल मीडिया पर आधारित नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों की इस संजीदा प्रस्तुति ने वहां मौजूद हर अभिभावक को सोचने पर मजबूर कर दिया। यह दिन उन छात्र-छात्राओं के लिए गौरव का पल था, जिन्होंने पूरे साल पसीना बहाया।
कार्यक्रम में मंडल, राज्य, ब्लॉक और जिला स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया साथ ही, शैक्षिक सत्र में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले मेधावियों को भी पुरस्कृत किया गया। कक्षा 8 से शालिनी, शिवांकी यादव, दिव्यांशी, कार्तिक और शुभम कुमार को मोमेंटो प्रदान किए गए। कक्षा 7 के मोहित, मोहिनी, रितिक और रिहान तथा कक्षा 6 की राधा, महिमा, शैली, दिव्यांश और जोया खान को बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं, स्कूल में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों का भी खास ख्याल रखा गया, उन्हें उपहार भेंट कर विद्यालय परिवार में स्वागत किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग से डीसी संजीव अवस्थी, एसआरजी रिचा यादव और एआरपी रतना शर्मा मौजूद रहे। साथ ही प्रेस क्लब ऑफ यूपी के संरक्षक अमित श्रोतीय, बुंदेलखंड अध्यक्ष इरफान पठान, सभासद फरमान अली, राजेंद्र सहित ने बच्चों का हौसला बढ़ाया। अंत में शिक्षिका भवानी वर्मा और इकरा, अतिका ने सभी का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया।


.jpeg)
