टीकमगढ़, 29 जून 2026: नगर में जलकर की बढ़ी हुई दरों को लेकर नागरिकों में नाराजगी है। भूमिपुत्र पवन घुवारा ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका द्वारा स्वीकृत 150 रुपये प्रतिमाह की दर को लागू करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2021-22 तक जलकर 100 रुपये प्रतिमाह था, जिसे 2022-23 में तत्कालीन प्रशासक ने 160% बढ़ाकर 260 रुपये कर दिया। जबकि 2023 में निर्वाचित नगर पालिका परिषद ने सर्वसम्मति से इसे घटाकर 150 रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने का प्रस्ताव पारित किया था।
पवन घुवारा ने कहा कि सागर संभाग में टीकमगढ़ की जलकर दर सबसे अधिक है, जबकि शहर के 80% क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर और 20% क्षेत्रों में तीन दिन के अंतराल पर पानी मिल रहा है। दूषित जलापूर्ति से लोगों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने म.प्र. नगरपालिका अधिनियम 2016 का हवाला देते हुए कहा कि नियमों के अनुसार वार्षिक वृद्धि 15% से अधिक नहीं हो सकती, जबकि यहाँ 160% की वृद्धि की गई जो गैर-कानूनी है।
मुख्य मांगें:
260 रुपये की वसूली तत्काल स्थगित कर 150 रुपये की दर लागू की जाए।
बरीघाट वॉटर फिल्टर प्लांट का अपग्रेडेशन कर नियमित व स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है।

