Type Here to Get Search Results !
पाए सभी खबरें अब WhatsApp पर Click Now

बंडा शराब कांड के बाद बक्सवाहा में हड़कंप, शराब सेवन के बाद तीन लोगों की तबीयत बिगड़ी


राहुल जैन, बक्सवाहा। बंडा में शराब सेवन के बाद हुई मौतों के मामले के बीच बक्सवाहा क्षेत्र में शराब पीने के बाद तीन लोगों की तबीयत बिगड़ने के मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है। तीनों मामलों में मरीजों अथवा उनके परिजनों ने अलग-अलग शासकीय शराब दुकानों से शराब खरीदने की जानकारी दी है। हालांकि, मरीजों की तबीयत बिगड़ने का कारण शराब ही है या कोई अन्य वजह, यह मेडिकल जांच और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।मामलों की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस, स्वास्थ्य और आबकारी विभाग ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। 

बम्हौरी से खरीदी 8 पीएम कंपनी, मरीज सागर में भर्ती

पहला मामला ग्राम बरा, बंडा निवासी एक व्यक्ति से जुड़ा है। परिजनों के अनुसार संबंधित व्यक्ति ने बक्सवाहा क्षेत्र के बम्हौरी स्थित शासकीय शराब दुकान से 8 पीएम ब्रांड की शराब खरीदी थी। शराब सेवन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे सागर में भर्ती कराया गया।पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि बम्हौरी से शराब खरीदने से पहले उक्त व्यक्ति ने बंडा में भी शराब का सेवन किया था। ऐसे में उसकी तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण क्या है, यह जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
कुई निवासी भरत यादव ने मैक डाबर पीने की बताई बात
दूसरा मामला ग्राम कुई निवासी भरत यादव का है। भरत यादव के अनुसार उसने बक्सवाहा स्थित शासकीय शराब दुकान से मैक डाबर ब्रांड की शराब खरीदी थी। सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बक्सवाहा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे दमोह रेफर कर दिया।
दमोह रोड की दुकान से प्रिंस का लाल क्वार्टर लेने का दावा
तीसरा मामला बक्सवाहा थाना क्षेत्र का है। 47 वर्षीय मनोज चौरसिया ने बताया कि उसने दमोह रोड स्थित शासकीय शराब दुकान से प्रिंस कंपनी का लाल क्वार्टर खरीदा था। सेवन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। घर पर किसी के मौजूद नहीं होने के कारण परिजनों के आने के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बक्सवाहा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीएमसी सागर रेफर किया गया।
अधिकारियों ने कहा—जांच के बाद ही स्थिति होगी स्पष्ट
बीएमओ डॉ. सत्यम आसाटी ने बताया कि मरीज में उसके द्वारा बताए गए लक्षण दिखाई दे रहे थे। एहतियात के तौर पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर किया गया है। तबीयत बिगड़ने का कारण शराब है या नहीं, यह मेडिकल जांच और रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
नगर निरीक्षक प्रशांत सेन ने बताया कि तीनों मामले संज्ञान में हैं। बीमार होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उपचार की व्यवस्था कराई। अवैध शराब की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी उप निरीक्षक जितेंद्र शर्मा ने बताया कि बम्हौरी स्थित शराब दुकान का निरीक्षण किया गया है। दुकान पर उपलब्ध 8 PM ब्रांड की शराब की स्कैनिंग की गई, जो प्रथम दृष्टया सही पाई गई। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर संबंधित शराब की बिक्री पर रोक लगाई गई है। सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर नियमानुसार ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल तीनों मामलों में स्वास्थ्य, पुलिस और आबकारी विभाग की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मरीजों की तबीयत बिगड़ने की वजह शराब थी अथवा कोई अन्य कारण।

- - इसे भी पढ़ें - -

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad