अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भगवान श्री राम राजा सरकार की नगरी सजकर हुई तैयार
फारूक अली, ओरछा। अयोध्या को भगवान श्री राम लला की जन्मस्थली माना जाता है तो ओरछा को भी दूसरी अयोध्या के रूप में मान्यता श्रद्धालुओं द्वारा दी जाती है और ऐसा माना जाता है कि भगवान श्री राम दिन में ओरछा में निवास करते हैं तथा रात्रि विश्राम के लिए अयोध्या जाते हैं। अयोध्या में आज होने वाली भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन के पूर्व बुंदेलखंड की अयोध्या मानी जाने वाली भगवान श्री राम राजा सरकार की नगरी ओरछा भी सज कर तैयार है तथा श्री राम राजा सरकार के मंदिर की विशेष सजावट के साथ आज विभिन्न धार्मिक गतिविधियां किए जाने की रूपरेखा बनाई गई है। अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर ओरछा को भी मनमोहक सजाया जा रहा है तथा आज बेतवा नदी पर लगभग 50 हजार दीपक जलाकर संपूर्ण ओरछा को जगमग किया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी आज ओरछा पहुंचकर भगवान श्री राम राजा सरकार मंदिर में आयोजित होने वाली विभिन्न धार्मिक गतिविधियों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव प्रातः 10 40 पर भोपाल से हेलीकॉप्टर के द्वारा रवाना होंगे तथा 11 50 पर ओरछा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 11 55 पर श्री राम राजा मंदिर पहुंचेंगे जहां विभिन्न धार्मिक गतिविधियों में शामिल होकर प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करेंगे इसके बाद 12 50 पर मुख्यमंत्री ओरछा से भोपाल के लिए रवाना होंगे।

