सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती, जांच की शुरू
शुभ न्यूज महोबा । थाना अजनर के ग्राम कैथोरा में मकान के कब्जे को लेकर मामा भांजे में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनो पक्ष के लोग आमने सामने हो गए एक दूसरे पर पथराव कर लाठी डंडे चलाने लगे, जिससे मामा सहित तीन लोग घायल हो गए। इसी बीच भांजे ने तमंचे से फायरिंग कर दी, जिससे मामी भी गोली लगने से घायल हो गई। इस घटना में दोनो पक्षों के करीब तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दंपत्ति सहित तीनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार करते हुए सभी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर दोनो पक्ष के लोग एक दूसरे आरोप प्रत्योप लगा रहे हैं।ग्राम कैथोरा में जर जोरू और जमीन की कहावत चरितार्थ होती नजर आई। जहां पर मकान के कब्जे को लेकर पारिवारिक लोगों में लाठी डंडे और गोली चल गई। मामा श्याम सिंह और भांजा नीरज राजपूत के मध्य कई दिनों से मकान को लेकर विवाद चला आ रहा है और दोनो पक्ष इसी बात को लेकर एक दूसरे से रंजिश मान बैठे और दोनो पक्ष आमने सामने आ गए। बताया कि आज इसी विवाद को लेकर नीरज छत पर चढ़ गया और गाली गलौज कर तमंचे से फायरिंग कर दी, जिससे दूसरे पक्ष के लोग बचाव में पथराव करने लगे, जिस पर पहले पक्ष के लोगों ने भी पथराव शुरू कर दिया। तभी दोनो पक्ष आमने सामने आ गए और एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष पर लाठी डंडों से प्रहार करने लगे। दोनो पक्षों में हुई मारपीट में पहले पक्ष से श्याम सिंह तथा दूसरे पक्ष से नीरज की बहन वर्षा घायल हो गई।
बताया जाता है कि बहन को घायल देख नीरज ने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे श्याम सिंह की 40 वर्षीय पत्नी शिवकली गोली लगने से घायल हो गई। विवाद को उग्र रूप धारण करता देख ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां से घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। सीओ कुलपहाड़ हर्षिता गंगवार ने बताया कि दो पारिवारिक लोगों के मध्य विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां सभी की हालत में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उधर श्याम सिंह के पुत्र मनोज का कहना है कि विवादित मकान के कब्जे को लेकर नीरज द्वारा मारपीट में पिता और गोली चलाए जाने से उसकी मां घायल हो गई है। तो वहीं दूसरे पक्ष के वीर सिंह ने बताया कि वह विवादित मकान उनका है और उपरोक्त लोग उसमे कब्जा करने नहीं दे रहे थे बल्कि उसके परिजनों को मारपीट कर घायल कर दिया और नीरज पर गोली चलाने का झूठा आरोप लगा रहे हैं।
- - इसे भी पढ़ें - -