0 नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान ने समस्याओं का निस्तारण न किए जाने पर लिया था निर्णय
शुभ न्यूज महोबा। मंगलवार को वृद्धों व पेंशनरों की समस्याओं समय पर समाधान न कराए जाने पर अनोखा विराध प्रदर्शन करते हुए वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान महोबा ने पांच पंडितों द्वारा सदबुद्धि महायज्ञ किया गया। विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारणों के साथ सदबुद्धि आहूतियां पेंशनरों ने हवन कुंड में देकर परम पिता परमेश्वर से जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की।
सदबुद्धि हवन समारोह के बाद वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान के जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं पेंशनर और वृद्धों के हितार्थ संचालित की जा रही हैं। शासन की संचालित योजनाओं में प्रदेश सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ की मंशा वृद्धों की दीर्घायु सुनिश्चित करने के साथ साथ उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का गौरव प्रदान करना है, लेकिन जिले में शासन की संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर जिले के जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारियों की उदासीनता के चलते हितगृही संचालित योजनाओं के लाभ से वंचित किये जा रहे हैं। कहा कि शासन से दिशा निर्देशों के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पिछले दो वर्षों से पेंशनरों की बैठक का आयोजन नही कर रहे है जिस कारण पेंशनरों की तमाम समस्याओं का निराकरण अधर में लटका हुआ है। यहां तक कि पेंशनर दिवस पर उठाई गयी समस्याओं पर कोई कार्यवाही नही की गयी।
वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान के महामंत्री बीके तिवारी ने कहा कि एक माह के अंदर पेंशनरों की समस्याओं का निराकरण न किया गया तो जिले के एक हजार पेंशनर जिलाधिकारी की दहलीज पर मुंडन संस्कार सामूहिक रूप से करेंगे जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिवकुमार त्रिपाठी, उपाध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष बसंतलाल गुप्ता, रामसजीवन गुप्ता, देवेन्द्र सक्सेना, जगदीश कुमार, लक्ष्मी त्रिपाठी, इन्द्रम्मा, शहनाज परवीन, सत्यभामा, दीपशिखा, ओपी सिंह, श्यामसुंदर पाठक, वासुदेव नगायच, लघुचन्द्र नारायण अरजरिया, विष्णुचन्द्र खरे, संतोष सक्सेना सहित एक सैकड़ा पेंशनरों ने हवन कर ईश्वर से प्रार्थना की।

