टीकमगढ़, 15 फरवरी 2026 रविवार नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ द्वारा अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नई पानी की टंकी निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे जेल परिसर के सामने आयोजित हुआ, जहाँ जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
निर्माणाधीन पानी की टंकी 2100 के.एल. क्षमता तथा लगभग 20 मीटर ऊँचाई की होगी, जिसके पूर्ण होने पर शहर के अनेक वार्डों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को स्थायित्व और पर्याप्त दबाव मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई। नगर के बढ़ते विस्तार और जल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री भारत सरकार डॉ. वीरेन्द्र कुमार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में टीकमगढ़ विधायक यादवेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ‘पप्पू मलिक’ ने की। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती सुषमा संजय नायक, समस्त पार्षदगण तथा जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि अमृत 2.0 योजना का उद्देश्य शहरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर नागरिकों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है। नई पानी टंकी के निर्माण से शहर की जलापूर्ति प्रणाली अधिक व्यवस्थित होगी और भविष्य की आवश्यकताओं को भी पूरा किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया ने परियोजना की रूपरेखा एवं निर्माण से होने वाले लाभों की जानकारी दी तथा आश्वस्त किया कि निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाएगा। समारोह में नगरवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता
या।


