0 गौरा पत्थर व धातु शिल्प कला का डीएम ने किया अवलोकन
शुभ न्यूज महोबा। सूर्य महोत्सव पर शुक्रवार को मोदी ग्राउंड में बुंदेलखंडी व्यंजन और एक जनपद एक उत्पाद के अंतर्गत गौरा पत्थर शिल्प व धातु शिल्प की प्रतियोगिता का प्रदर्शन किया गया। प्रतियोगिता में बुंदेलखंडी व्यंजन के अंतर्गत 11 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया, जबकि एक जनपद एक उत्पाद के अंतर्गत 18 प्रतिभागियों ने अपने स्टॉल के माध्यम से शानदार प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सल्तनत परवीन ने बुंदेली व्यंजनों का स्वाद चखा और गौरा पत्थर व धातु शिल्प की बनी वस्तुओं को नजदीक से देखकर कलाकारों की खासी सराहना की।
बुंदेलखंडी व्यंजन के अंतर्गत यहां के प्राकृतिक उत्पादों चने का साग, माडे, कढ़ी, चटनी, सामा की खीर आदि के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपने व्यंजन कला का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने स्वादिष्ट व्यंजन बनाने के लिए अपने अपने घरों से सामान लाकर मन से तैयार किया। बुंदेली व्यंजन तैयार होने के बाद जिलाधिकारी ने अन्य अधिकारियों के साथ बुंदेली व्यंजनों को चखा और तारीफ की। अफसरों ने प्रतिभागियों के स्टाल पर जा जाकर सभी के व्यंजन का स्वाद लिया। प्रतिभागी भी अधिकारियों को अपने बनाए हुए व्यंजन को खिलाने के लिए खासे उत्साहित दिखाई दिए।
एक जनपद एक उत्पाद के अंतर्गत जिले के गौरहारी श्रीनगर व कुलपहाड़ से आए हुए गौरा पत्थर शिल्प तथा धातु शिल्प के प्रतिभागियों ने अपने सूर्य थीम व सामान्य थीम के अंतर्गत बने हुए उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें मेले में आए तमाम दर्शनार्थियों ने इन उत्पादों को देखते हुए इनकी प्रशंसा भी की। कार्यक्रम का जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी सुखवीर, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मुईनुलस्लाम आदि उच्च अधिकारियों ने अवलोकन किया। कार्यक्रम के मौके पर संयोजक का कार्य अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद व पर्यटन विभाग का विशेष सहयोग रहा।


