विभागीय कार्यालय में बिजली के दुरुपयोग का वीडियो वायरल
छतरपुर। शहर के पुराने पन्ना नाका स्थित नरसिंह मंदिर के सामने संचालित महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना कार्यालय में सरकारी बिजली के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विभागीय कार्यालय परिसर में ई-रिक्शा चार्ज होते दिखाई दे रहे हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सरकारी संसाधनों के उपयोग पर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, रोजाना शाम करीब 6 बजे के बाद कार्यालय परिसर में ई-रिक्शा लाकर चार्ज किए जाते हैं। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से कार्यालय भवन से बिजली कनेक्शन लेकर ई-रिक्शा चार्जिंग की गतिविधि दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी कार्यालय को निजी उपयोग के लिए चार्जिंग प्वाइंट की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे शासन के राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है।मामले का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसकी निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अभी तक महिला एवं बाल विकास विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर प्रशासन इस मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।

