टीकमगढ़। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिली है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं डेंटल हाइजीनिक टेक्नीशियन के पदों पर कुल 64 नए डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। भाजपा मीडिया प्रभारी स्वप्निल तिवारी ने बताया कि जतारा विधायक व पूर्व मंत्री हरिशंकर खटीक ने इस सौगात के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का क्षेत्र की जनता की ओर से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
नियुक्तियों में जतारा में 5 चिकित्सक डॉ. प्रांजल जैन, डॉ. प्रद्युमन सिंह, डॉ. सुरेंद्र राय, डॉ. सचिन बारडाले व डॉ. शशांक श्रॉफ, लिधौरा में 4 चिकित्सक डॉ. आकांक्षा पाठक, डॉ. दिव्यांश अहिरवार, डॉ. मनोज राय व डॉ. आयुषी पाठक शामिल हैं। इसके अलावा बम्हौरीकलां में 3, टीकमगढ़ में 8, बड़ागांव में 3, बल्देवगढ़ में 2, ओरछा में 2, पृथ्वीपुर में 5, पलेरा में 2, निवाड़ी में 9, खरगापुर में 5, जेरोन में 4 तथा बराना, सरकनपुर, चंदेरा, सेंदरी, सिमरा व हटा में 1-1 चिकित्सक नियुक्त किए गए हैं।
विधायक हरिशंकर खटीक ने कहा कि 64 नए डॉक्टरों की नियुक्ति से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार होगा और आम लोगों को बड़े शहरों की बजाय अपने नजदीक ही योग्य चिकित्सकों से इलाज मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में स्वस्थ समाज का सपना पहली प्राथमिकता है और आयुष्मान योजना से लाखों लोगों को लाभ मिल रहा है।

